कुछ लोग यह दावा करते रहते हैं कि अगर सर्दी के मौसम में ठंड कंट्रोल में करना है तो ठंडी चीजों का सेवन करना चाहिए. उनका कहना है कि ऐसा करने से मन मजबूत
होता है और जब मन मजबूत होगा तो तन भी नहीं घबराएगा. कहा यह भी जाता है कि अगर कुल्फी या आइसक्रीम का असली आनंद उठाना है तो उसे सर्दी के मौसम में ही खाया जाए. कारण यह है कि वह
पिघलती नहीं है और टपकती भी नहीं है. देर तक इसे खाया जा सकता है, इसलिए वह ज्यादा मजा देती है. आपका भी कुल्फी खाने का मन है तो आज हम आपको कुल्फी की एक दुकान पर लेकर चल रहे हैं. यह दुकान तीला कुल्फी (Tila Kulfi) के लिए खासी मशहूर है और वहां इतनी अधिक वैरायटी मिलती है, जो दिल्ली में शायद कहीं और न मिले.
तीला कुल्फी की है बहार
दिल्ली के करोल बाग इलाके के बारे में तो आप जानते ही होंगे. यह कभी रिहायशी हुआ करता था, लेकिन अब पूरी तरह से कमर्शियल हो चुका है. दुनिया भर के छोटे-बड़े बाजार हैं यहां पर हैं. बाजार में ही मशहूर गफ्फार मार्केट के सामने आर्य समाज रोड पर ‘रविराज दी कुल्फी’ की मशहूर और पुरानी दुकान है. दुकान क्या है, बस मान लीजिए कि तीला कुल्फी की बहार ही बहार है.
तीला कुल्फी की विशेषता यह है कि यह ताजी ही बनाई जाती है. यानी मैटिरियल सब कुछ तैयार होगा और उसे कुल्फी के खांचों में भरकर बर्फ के डिब्बे में फंसा दिया जाता है. कुछ देर बाद ही तीला कुल्फी तैयार. मान लीजिए कि एकदम ताजी और शानदार कुल्फी आपको यहीं खाने को मिलेगी.


