इस बार होली का त्योहार 18 मार्च को मनाया जाएगा. ऐसे में होली आने में बस कुछ ही दिन बाकी रह गए हैं. होली न केवल रंगों का त्योहार होता है बल्कि इस मौके पर लोग भरपूर मस्ती करते हैं और तरह-तरह के पकवानों का सेवन करते हैं. होली से पहले ही कई घरों में गुझिया, मिठाई, पापड़, सेवड़ा और कई तरह की नमकीन बननी शुरू हो जाती है. होली के समय से ही मौसम में भी बदलाव नजर आने लगता है. ऐसे में बेहद जरूरी है कि आप अपने खान-पान का खास ख्याल रखें. बदलते मौसम में जरूरी हो जाता है कि हम ऐसी चीजों का सेवन करें जो हेल्दी हों और शरीर की इम्यूनिटी को स्ट्रॉन्ग बनाता हो. आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ स्नैक्स और खाद्य पदार्थों के बारे में जिनका आप होली के समय सेवन कर सकते हैं.
ठंडाई करेगी कूल
होली के मौके पर अक्सर ही ठंडाई का सेवन किया जाता है. होली के साथ ही मौसम में बदलाव नजर आने लगता है. ऐसे में मेवे और दूध को मिलाकर बनाई गए ठंडाई न केवल हेल्दी होती है बल्कि इसकी ठंडी तासीर शरीर को ठंडा करती है. आपको बता दें कि ठंडाई इम्यूनिटी को बढ़ाती ही है और शरीर को एनर्जी देती है.
गुझिया को करें बेक
होली का त्योहार बिना गुझिया के अधूरा होता है. हालांकि बढ़ते वजन और मोटापे के कारण अक्सर लोग गुझिया खाने से पहले कैलोरी काउंट करने लगते हैं. दरअसल गुझिया तेल में डीप फ्राई करके बनाई जाती है जो तेजी से वजन बढ़ा सकती है. ऐसे में आप इस बार गुझिया में खोए की जगह कोई हेल्दी स्टफिंग भरकर इसे बेक करके भी बना सकते हैं ताकि जायका और सेहत दोनों बनी रहे.
ड्राई फ्रूट्स नमकीन
ड्राई फ्रूट्स काफी हेल्दी माने जाते हैं. ऐसे में होली पर अनहेल्दी स्नैक्स ट्राई करने की जगह आप ड्राई फ्रूट्स की नमकीन बना सकते हैं और मेहमानों को सर्व कर सकते हैं. काजू, बादाम और खरबूज के बीज को बस आधे चम्मच घी में भून लें और नमक और काली मिर्च डालकर मिक्स कर लें. आपकी हेल्दी नमकीन तैयार है.
भरपूर पेय पदार्थ का इस्तेमाल करें
होली के साथ ही गर्मियां शुरू हो जाती हैं. ऐसे में बीच-बीच में पानी जरूर पीते रहें. पानी की जगह आप नींबू पानी या पना जैसी ड्रिंक्स का भी सेवन कर सकते हैं. इस मौसम में आप तरबूज या बेल का शर्बत भी ट्राई कर सकते हैं.


