उज्जैन // ग्रहों में युवराज कहे जाने वाले बुध 25 अप्रैल को मेष राशि की यात्रा समाप्त करके वृषभ राशि में प्रवेश कर रहे हैं। इस अवधि के मध्य ये 10 मई को वक्री और 3 जून को मार्गी होंगे। वक्री-मार्गी अवस्था में गोचर करते हुए बुध 2 जुलाई को अपनी स्वयं की राशि मिथुन में प्रवेश करेंगे। इनके राशि परिवर्तन का युवाओं पर तो असर पड़ता ही है बैंकिंग के सेक्टर और न्याय के क्षेत्र में भी असर पड़ता है सामान्यतः वृषभ राशि में इनका गोचर सभी कल्याण प्रद ही होता है। इनके राशि परिवर्तन का अन्य सभी राशियों पर कैसा प्रभाव पड़ेगा इसका ज्योतिषीय विश्लेषण करते हैं।
मेष
राशि से द्वितीय धन भाव में गोचर करते हुए बुध का प्रभाव बेहतरीन सफलता दिलाएगा विशेषकर के आर्थिक पक्ष मजबूत होगा। काफी दिनों का दिया गया धन भी वापस मिलने की उम्मीद। अपनी वाणी कुशलता के बल पर कठिन परिस्थितियों पर भी आसानी से विजय प्राप्त कर लेंगे। विद्यार्थियों एवं प्रतियोगिता में बैठने वाले छात्रों के लिए यह समय और अच्छा रहेगा इसलिए अच्छे अंक प्राप्ति के लिए पढ़ाई में और समय लगाएं। संतान संबंधी चिंता दूर होगी और संतान प्राप्ति के भी योग।
वृषभ
आपकी राशि में गोचर करते हुए बुध आय के साधन तो बढ़ाएंगे ही कार्य व्यापार में उन्नति होगी। केंद्र अथवा राज्य सरकार के विभागों में प्रतीक्षित कार्य संपन्न होंगे। कोई भी बड़े से बड़ा कार्य आरंभ करना हो अथवा किसी नए अनुबंध पर हस्ताक्षर करना हो तो उस दृष्टि से ही इनका प्रभाव अनुकूल रहेगा। किसी भी तरह के सरकारी टेंडर के लिए आवेदन करना चाह रहे हों तो सफल रहेंगे। प्रेम संबंधी मामलों में प्रगाढ़ता आएगी। नव दंपति के लिए संतान प्राप्ति एवं प्रादुर्भाव के भी योग।
मिथुन
राशि से बारहवें व्ययभाव में गोचर करते हुए बुध अत्यधिक भागदौड़ और खर्च का सामना करवाएंगे। यात्रा देशाटन का लाभ मिलेगा। विदेश यात्रा के लिए भी प्रयास करना चाह रहे हों तो उस दृष्टि से भी गोचर अनुकूल रहेगा। अपनी ऊर्जाशक्ति के बल पर कठिन परिस्थितियों पर भी आसानी से विजय प्राप्त कर लेंगे। इस अवधि के मध्य कोई भी लेनदेन का कार्य बहुत सावधानी पूर्वक करें अन्यथा हानि की संभावना रहेगी। गुप्त शत्रुओं से बचें । स्वास्थ्य विशेष करके चर्म रोग से भी सावधान रहें।
कर्क
राशि से एकादश लाभभाव में गोचर करते हुए बुध का प्रभाव अच्छा ही कहा जाएगा विशेष करके कोई भी नया कार्य आरंभ करना हो या नौकरी में परिवर्तन करना हो तो उस दृष्टि से भी समय अनुकूल रहेगा। परिवार के वरिष्ठ सदस्यों तथा बड़े भाइयों से सहयोग मिलेगा। विद्यार्थियों एवं प्रतियोगिता में बैठने वाले छात्रों के लिए भी समय अच्छा है। प्रेमसंबंधी मामलों में प्रगाढ़ता आएगी,विवाह के लिए भी अवसर अनुकूल। आपके द्वारा लिए गए निर्णय और किए गए कार्यों की सराहना होगी।
सिंह
राशि से दशम कर्म भाव में गोचर करते हुए बुध कार्य-व्यापार में तो उन्नति देंगे ही नौकरी में भी पद प्रतिष्ठा की वृद्धि होगी। विदेशी कंपनियों में सर्विस एवं नागरिकता के लिए प्रयास करना चाह रहे हों तो उस दृष्टि से भी अवसर अनुकूल रहेगा । शासन सत्ता का पूर्ण सहयोग मिलेगा। माता पिता के स्वास्थ्य के प्रति चिंतनशील रहें। जीवन में एक बार जो ठान लेंगे उसे पूरा करके ही छोड़ेंगे। आर्थिक पक्ष मजबूत होगा। सामाजिक पद प्रतिष्ठा बढ़ेगी। धर्म और अध्यात्म के प्रति भी गहरी रूचि रहेगी ।
कन्या
राशि से नवम भाग्य भाव में गोचर करते हुए बुध का प्रभाव आपके लिए किसी वरदान से कम नहीं है। अपनी ऊर्जाशक्ति के साथ योजनाओं को गोपनीय रखते हुए कार्य को अंतिम रूप दें। सरकारी विभागों में किसी भी तरहके टेंडर का आवेदन करना चाह रहे हो तो उस दृष्टि से भी ग्रह गोचर अनुकूल रहेगा। संतान के दायित्व की पूर्ति होगी। नव दंपति के लिए संतान प्राप्ति एवं प्रादुर्भाव के भी योग। प्रेम संबंधी मामलों में प्रगाढ़ता आएगी । प्रेम विवाह भी करना चाह रहे हों तो अवसर अनुकूल रहेगा।
तुला
राशि से अष्टम आयु भाव में गोचर करते हुए बुध कई तरह के अप्रत्याशित परिणामों का सामना करवा सकते हैं। स्वास्थ्य के प्रति सावधान रहें। दवाओं के रिएक्शन और चर्म रोग के प्रति विशेष ध्यान दें। आपके अपने ही लोग षड्यंत्र का शिकार बनाने की कोशिश करेंगे ऐसे गुप्त शत्रुओं से सावधान रहें। यात्राओं की अधिकता रहेगी व्यय भी बढेगा। धर्म कर्म के मामलों में भी बढ़चढ़ कर हिस्सा लेंगे और दानपुण्य भी करेंगे। कोर्ट कचहरी से संबंधित मामले भी बाहर ही सुलझा लेना समझदारी रहेगी ।
बृश्चिक
राशि से सप्तम दांपत्य भाव में गोचर करते हुए बुध कार्य व्यापार की दृष्टि से बेहतर रहेंगे। ससुराल पक्ष से सहयोग के योग। कार्य-व्यापार में उन्नति तो होगी किंतु साझा व्यापार करने से परहेज करें। केंद्र अथवा राज्य सरकार के विभागों में प्रतीक्षित कार्य संपन्न होंगे। गुप्त शत्रुओं से बचें । स्वास्थ्य के प्रति भी चिंतनशील रहें। जो लोग आप को नीचा दिखाने की कोशिश में लगे थे वही मदद के लिए आगे आएंगे। कोर्ट कचहरी के मामलों में भी निर्णय आपके पक्ष में आने के संकेत ।
धनु
राशि से छठे शत्रुभाव में गोचर करते हुए बुध का प्रभाव बहुत अच्छा नहीं कहा जा सकता, कहीं न कहीं स्वास्थ्य के प्रति चिंताभी बनी रहती है। इस अवधि के मध्य अधिक कर्ज के लेन-देन से बचें। किसी को भी अधिक धन उधार के रूप में न दें अन्यथा आर्थिक हानि की संभावना रहेगी। विदेशी कंपनियों में सर्विस एवं नागरिकता के लिए किया गया प्रयास भी सफल रहेगा। विद्यार्थियों एवं प्रतियोगिता में बैठने वाले छात्रों को परीक्षा में अच्छे अंक लाने के लिए और प्रयास करने होंगे।
मकर
राशि से पंचम विद्या भाव में गोचर करते हुए बुध विद्यार्थियों एवं प्रतियोगिता में बैठने वाले छात्रों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है थोड़ा सा भी पढ़ाई करेंगे तो संतोषजनक अंक प्राप्त होंगे। संतान के दायित्व की पूर्ति होगी । नव दंपति के लिए संतान प्राप्ति एवं प्रदुर्भाव के योग। प्रेम संबंधी मामलों में भी प्रगाढ़ता आएगी । प्रेम विवाह भी करना चाह रहे हो तो भी ग्रह गोचर अनुकूल रहेगा। सामाजिक पदप्रतिष्ठा बढ़ेगी। परिवार के वरिष्ठ सदस्यों तथा बड़े भाइयों से भी सहयोग के योग।
कुंभ
राशि से चतुर्थ सुख भाव में गोचर करते हुए बुध का फल सामान्य ही रहेगा। जमीन जायदाद से जुड़े मामलों का निपटारा होगा। मकान अथवा वाहन का भी क्रय करना चाह रहे हों तो उस दृष्टि से भी ग्रह प्रभाव अनुकूल रहेगा। विवादित मामलों से दूर रहें। कोर्ट कचहरी से संबंधित मामले भी बाहर ही सुलझा लेना समझदारी रहेगी। मित्रों तथा संबंधियों से सुखद समाचार की प्राप्ति होगी। माता-पिता के स्वास्थ्य के प्रति चिंतनशील रहें। यात्रा सावधानी पूर्वक करें, सामान चोरी होने से बचाएं।
मीन
राशि से तृतीय पराक्रम भाव में गोचर करते हुए बुध आपको अति ओजस्वी बनाएंगे आप जहां भी जाएंगे आपके चाहने वालों की भीड़ लग जाएगी। अपने साहस और पराक्रम के बल पर विषम परिस्थितियों पर भी आसानी से विजय प्राप्त कर लेंगे। आपके द्वारा लिए गए निर्णय और किए गए कार्यों की सराहना होगी। धर्म और अध्यात्म के प्रतिरुचि बढ़ेगी। सामाजिक संस्थाओं में भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लेंगे और दान पुण्य करेंगे। पारिवारिक जिम्मेदारियों का सफलता पूर्वक निर्वहन करेंगे।


